कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कांड्रा पंचायत में गुरुवार की देर रात करीब एक बजे एक विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़कर रंजीत सिंह के घर पर जा गिरा. पेड़ गिरने से मकान की दीवार और छत पर लगी एडवेस्टर की चादरें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.



घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे. हालांकि, सौभाग्य से हादसे में किसी को चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बच गए. पेड़ गिरने से मकान को काफी नुकसान हुआ है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. सूचना मिलने पर कांड्रा पंचायत की मुखिया शंकरी सिंह भी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली.
मुखिया शंकरी सिंह ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने अंचल प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.





