चांडिल/ Afroj Mallick

सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली ओपी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने हासांडुगरी काला ईंट भट्टा के समीप से आरोपी को 81 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा है.
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हासांडुगरी काला ईंट भट्टा के पास एक युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर ओपी प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. टीम ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की और आरोपी मोहम्मद अरमान, पिता शेख जुम्मन को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपी के पास से 81 पुड़िया ब्राउन शुगर, नगद 2800 रुपये, एक काले रंग की एक्टिवा स्कूटी (JH05DW-1909) और एक मोबाइल फोन जब्त किया है. आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि मोहम्मद अरमान स्थानीय स्तर पर ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था और नशे के कारोबार में सक्रिय था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने कहा कि कपाली क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि नशे के धंधे में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, एएसआई मोहम्मद बसीर खान, टाइगर जवान मोहम्मद दस्तगीर, विपुल कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

