चांडिल: दुर्गा पूजा और दशहरा का त्योहार नजदीक है, लेकिन कपाली नगर परिषद क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति और पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन से हो रहे रिसाव ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. एक ओर जिला प्रशासन और पूजा समितियां त्योहार की तैयारियों में जुटी हैं, वहीं दूसरी ओर कपाली के कई इलाकों में लोग जर्जर सड़कों, गड्ढों और जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं. ऐसे में नगर परिषद प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं.


स्थानीय संवाददाता अफरोज मल्लिक के अनुसार, कमारगोड़ा से हासाडूंगरी होते हुए गैस गोदाम और भाभी होटल चौक तक जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति बेहद खराब है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टूटे हुए हिस्से आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं. सड़क की बदहाली के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
वहीं, इस मार्ग पर कई स्थानों पर सरकारी पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी सड़क पर बह रहा है. बताया जा रहा है कि सड़क के अलग-अलग हिस्सों में तीन से चार जगहों पर पाइपलाइन फटी हुई है. इससे एक ओर पीने के पानी की बर्बादी हो रही है, तो दूसरी ओर लगातार पानी बहने से सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका है. ऐसे में पाइपलाइन की जल्द मरम्मत कराना जरूरी हो गया है.
इसी मुख्य सड़क से अली नगर जाने का रास्ता भी जुड़ता है. अली नगर चौक पर जलजमाव के कारण सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बन गई है. पानी जमा होने से सड़क के गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है. इससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है. जलजमाव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान बाजारों, पूजा पंडालों और प्रमुख सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है. ऐसे में यदि समय रहते सड़क की मरम्मत, पाइपलाइन की दुरुस्ती और जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो त्योहार के दौरान लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.
स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि कपाली नगर परिषद प्रशासन इस समस्या पर जल्द संज्ञान ले. संबंधित विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए. सड़क की मरम्मत के साथ-साथ क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से हो रहे पानी के रिसाव को रोकना भी जरूरी है, ताकि पेयजल की बर्बादी पर रोक लगे और सड़क को और अधिक नुकसान न पहुंचे.
अब सवाल यह है कि क्या कपाली नगर परिषद प्रशासन दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले इन समस्याओं का समाधान कर पाएगा. त्योहार नजदीक होने के कारण स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं. लोगों को उम्मीद है कि समय रहते ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि उन्हें जर्जर सड़कों, बहते पानी और जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

