चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही बारिश से कपाली नगर परिषद क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. शुक्रवार को कपाली के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई. वार्ड संख्या 10 और 14 के बीच टीओपी चौक जाने वाली मुख्य सड़क पर पानी भर गया. वहीं, आसपास के कई घरों और दुकानों में भी बारिश का पानी घुसने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.


सड़क पर जलजमाव के कारण स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, पैदल राहगीरों और दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर पानी सड़क से होते हुए घरों और दुकानों तक पहुंच गया. अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई.
जलजमाव की सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद मोहम्मद मुमताज अंसारी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने कपाली नगर परिषद के प्रशासक पदाधिकारी गोपी कृष्ण से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया और जल्द पानी की निकासी कराने का आग्रह किया.
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासक गोपी कृष्ण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के सफाईकर्मियों और जेसीबी मशीन को जलजमाव वाले स्थान पर भेजा. जेसीबी की मदद से पानी की निकासी के लिए रास्ता बनाया गया. काफी मशक्कत के बाद इक्रा एकेडमी स्कूल, टीओपी चौक और अशरफी मस्जिद के आसपास जमा पानी को बाहर निकाला गया.
नगर परिषद की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. प्रभावित सड़क पर आवागमन भी धीरे-धीरे सामान्य होने लगा.
जाबिर पुलिया पर बढ़ा पानी, आवागमन प्रभावित होने की आशंका
लगातार बारिश का असर क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिला. सरायकेला से जमशेदपुर को जोड़ने वाली जाबिर पुलिया भी पानी से लबालब हो गई. पुलिया के आसपास पानी का दबाव बढ़ने से स्थानीय लोगों में चिंता देखी गई. लगातार बारिश जारी रहने के कारण पुलिया और आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है.
जाबिर पुलिया से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग जमशेदपुर और सरायकेला की ओर आवागमन करते हैं. ऐसे में पुलिया पर पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुलिया और आसपास के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.
स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान कपाली के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है. नालियों की पर्याप्त सफाई और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों से होते हुए घरों में घुस जाता है. इससे लोगों को हर वर्ष परेशानी झेलनी पड़ती है.
लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से जल निकासी नालियों की नियमित सफाई कराने और जलजमाव वाले स्थानों पर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है.
वहीं, वार्ड पार्षद मोहम्मद मुमताज अंसारी ने बताया कि जनता की समस्या को देखते हुए तत्काल नगर परिषद के अधिकारियों से संपर्क किया गया था. इसके बाद प्रशासक गोपी कृष्ण के निर्देश पर जेसीबी और सफाईकर्मियों को मौके पर भेजकर पानी की निकासी कराई गई.
लगातार बारिश के बीच नगर परिषद प्रशासन की ओर से जलजमाव वाले स्थानों पर राहत कार्य किया जा रहा है. हालांकि, मौसम की स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में भी जलजमाव और जाबिर पुलिया के जलस्तर पर निगरानी रखना जरूरी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

