चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है. दिन हो या रात, लगातार बिजली की आंख- मिचौली से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में कई बार बिजली काट दी जाती है, जबकि रात में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है. भीषण गर्मी के बीच पंखा, कूलर और अन्य जरूरी उपकरण बंद रहने से लोग उमस और गर्मी से परेशान हैं.
बिजली की समस्या केवल रोशनी तक सीमित नहीं है, बल्कि लो वोल्टेज के कारण मोटर नहीं चल पा रहे हैं, जिससे पीने के पानी का संकट भी गहराता जा रहा है. इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है. नियमित बिजली नहीं रहने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है. कई छात्र- छात्राएं होमवर्क पूरा नहीं कर पा रहे हैं और परीक्षा की तैयारी में भी बाधा आ रही है.
बिजली कटौती के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. रातभर बिजली नहीं रहने से लोग मच्छरों से जूझने को मजबूर हैं, जिससे बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं.
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि बार- बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है. लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मुद्दे पर मौन साधे हुए हैं.
कपाली क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि इस संकट से राहत मिल सके.

