कांड्रा: विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR-2026 के तहत मतदाता सूची के सत्यापन, दावा-आपत्ति और आवश्यक सुधार को लेकर कांड्रा पंचायत परिसर में लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. पुनरीक्षण कार्य के सिलसिले में प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत संबंधित कर्मियों का भी प्रतिदिन पंचायत परिसर में आना-जाना हो रहा है.


इधर, लगातार हो रही बारिश ने कांड्रा पंचायत परिसर की व्यवस्था की पोल खोल दी है. बारिश के बाद पंचायत परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है. परिसर में लोगों के आवागमन की सुविधा के लिए पेवर ब्लॉक बिछाए गए हैं, लेकिन बारिश के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पेवर ब्लॉक के ऊपर भी पानी जमा हो गया है.
जलजमाव के कारण पंचायत भवन आने वाले ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों को जमा पानी से होकर पंचायत भवन के अंदर जाना पड़ रहा है. ऐसे में SIR-2026 के तहत मतदाता सूची के सत्यापन, दावा-आपत्ति और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पंचायत भवन पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत परिसर में जहां एक ओर महत्वपूर्ण सरकारी कार्य संचालित हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है. पुनरीक्षण कार्य के सिलसिले में प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत संबंधित कर्मियों का भी यहां नियमित आना-जाना हो रहा है. इसके बावजूद जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं होना लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पंचायत परिसर में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. साथ ही बारिश के पानी की समुचित निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि SIR-2026 समेत अन्य सरकारी कार्यों के लिए पंचायत भवन पहुंचने वाले ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

