कांड्रा: पुलिस निरीक्षक विनोद तिर्की ने सोमवार को कांड्रा थाना के नए थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किए. पदभार संभालने के बाद उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं.


थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी. अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ असामाजिक गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी. उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशील इलाकों की जानकारी लेते हुए पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ आवश्यक चर्चा भी की. उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जाने की बात कही.
नए थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण करने के बाद थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने उनका स्वागत किया. वहीं, क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कांड्रा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य होगा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

