कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा स्थित एसकेजी कॉलोनी में इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा. श्री श्री दुर्गा पूजा कमिटी की ओर से मां दुर्गा की आराधना के 75 वर्ष पूरे होने पर प्लेटिनम जयंती समारोह भव्य रूप से मनाने की तैयारी की गई है. 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दस दिवसीय दुर्गोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी.


पूजा कमिटी के अध्यक्ष होनी सिंह मुंडा एवं महासचिव के. दुर्गा राव ने बताया कि 75 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को यादगार बनाने के लिए इस बार विशेष आयोजन किए जा रहे हैं. उन्होंने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है.
11 अक्टूबर को कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
दुर्गोत्सव का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर को सुबह 7 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा. इसके बाद दस दिनों तक मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे.
जादू शो से माता जागरण तक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
आयोजन समिति के अनुसार 15 अक्टूबर को जादूगर महुआ द्वारा जादू शो प्रस्तुत किया जाएगा. 16 अक्टूबर को कोलकाता की इंदिरा झांकी की ओर से मां दुर्गा की आकर्षक झांकी निकाली जाएगी. 17 अक्टूबर को जमशेदपुर की हरजीत सिंह हीरा टीम माता जागरण प्रस्तुत करेगी, जबकि 18 अक्टूबर को आरती डांस कार्यक्रम आयोजित होगा.
वहीं, 19 अक्टूबर को रामलक्ष्मण नवयुवक छऊ एकेडमी की ओर से पारंपरिक छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी. 20 अक्टूबर को बच्चों के लिए डिस्को डांस कार्यक्रम रखा गया है.
महाष्टमी पर खीर भोग, महानवमी पर खिचड़ी भंडारा
धार्मिक कार्यक्रमों के तहत महाष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच खीर भोग का वितरण किया जाएगा. महानवमी पर खिचड़ी भोग एवं भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है.
कमिटी के पदाधिकारियों ने बताया कि प्लेटिनम जयंती को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए सभी सदस्य तैयारियों में जुटे हैं. धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक सहभागिता के साथ एसकेजी कॉलोनी का यह दुर्गोत्सव 75 वर्षों की परंपरा को नई पहचान देगा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

