चांडिल: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कपाली पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. शांति समिति की बैठक के बाद कपाली ओपी पुलिस ने डोबो नदी घाट के किनारे संचालित अवैध महुआ शराब चुलाई भट्ठी पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने 17 ड्रम में रखे करीब 3400 लीटर जावा महुआ को नष्ट कर दिया. साथ ही शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले तीन मिट्टी के चूल्हों और एक झोपड़ीनुमा संरचना को भी ध्वस्त कर दिया.


पुलिस को देखते ही फरार हुए भट्ठी संचालक और मजदूर
कपाली ओपी के सब-इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू ने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर डोबो नदी घाट के समीप अवैध रूप से संचालित महुआ शराब भट्ठी के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया.
पुलिस टीम के पहुंचते ही भट्ठी संचालक और वहां काम कर रहे मजदूर मौके से फरार हो गए. तलाशी के दौरान नीले रंग के 17 ड्रम में करीब 3400 लीटर जावा महुआ मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.

पुलिस ने शराब चुलाई में इस्तेमाल होने वाले तीन मिट्टी के चूल्हों को भी तोड़ दिया. इसके अलावा नदी किनारे बनाई गई झोपड़ीनुमा संरचना को ध्वस्त किया गया, ताकि वहां दोबारा अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां संचालित न हो सकें.
त्योहार के दौरान अवैध गतिविधियों पर रहेगी नजर: ओपी प्रभारी
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है. अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. इसी क्रम में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई है. छापेमारी दल में सब-इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू, एएसआई मोहम्मद बसीर खान सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे.

