कांड्रा: झारखंड के मुख्यमंत्री एवं झामुमो केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने गहरा शोक व्यक्त किया है. रूपी सोरेन का बुधवार शाम रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. वह 18 सितंबर से अस्पताल में भर्ती थीं और इलाज के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी.


कृष्णा बास्के ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन सोरेन परिवार के साथ-साथ झारखंड के लिए भी अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन ने दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन में परिवार को मजबूती देने के साथ कठिन परिस्थितियों में धैर्य और साहस का परिचय दिया.
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूरे सोरेन परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. कृष्णा बास्के ने कहा कि दुख की इस घड़ी में झामुमो परिवार और राज्य की जनता शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है.
गौरतलब है कि रूपी सोरेन, झामुमो संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी थीं. उनके निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है.

