आदित्यपुर: JMT कंपनी के कामगारों ने नौकरी बहाली की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है. कामगारों ने 4 अप्रैल शनिवार से DC ऑफिस में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करने का निर्णय लिया है.

कामगारों के अनुसार JMT कंपनी के NCLT में जाने के बाद कोर्ट के निर्णय पर RKFL कंपनी को अधिकृत किया गया था. पिछले दो- ढाई वर्षों से कामगार लगातार अपनी नौकरी बहाली को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. इस दौरान DLC और SDO के माध्यम से कई दौर की वार्ता भी हुई, जिसमें प्रबंधन द्वारा सभी कामगारों को पुनः नौकरी पर रखने का आश्वासन दिया गया था. हालांकि अब तक केवल कुछ ही कामगारों को काम पर लिया गया है, जबकि अन्य को नजरअंदाज किया जा रहा है.
कामगारों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन बाहरी लोगों को स्थायी नौकरी दे रहा है, जबकि पुराने कामगारों को दरकिनार किया जा रहा है. इसी कारण मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है. कामगारों का कहना है कि लंबे समय से बेरोजगारी के कारण कई मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई, कुछ की हार्ट अटैक से मौत हो गई और कुछ समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण दम तोड़ चुके हैं. कामगारों ने बताया कि इस आंदोलन की सूचना श्रम विभाग, श्रम मंत्रालय, जिला प्रशासन समेत देश के उच्च पदाधिकारियों को पत्र और ईमेल के माध्यम से दे दी गई है.
पहले यह आंदोलन 3 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन गुड फ्राइडे के कारण इसे बढ़ाकर 4 अप्रैल कर दिया गया है. कामगारों ने मीडिया और प्रशासन से न्याय दिलाने की अपील की है. इस आंदोलन का नेतृत्व JLKM जिला अध्यक्ष दीपक महतो कर रहे हैं, जिनके साथ कई अन्य कामगार भी शामिल हैं.

