जमशेदपुर/ Afroz Mallik मोहम्मद नौशाद के झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव पद पर निर्वाचित होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया. इस अवसर पर मोहम्मद नौशाद ने उनके निर्वाचन में सहयोग करने वाले सभी युवाओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हृदय से आभार व्यक्त किया.

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवींदर सिंह के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया. कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की.
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए मोहम्मद नौशाद ने कहा कि आप सभी के सहयोग, विश्वास और स्नेह से मुझे यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है. उन्होंने कहा कि वे इस विश्वास पर खरा उतरते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संगठन के लिए कार्य करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि युवा कांग्रेस को और अधिक सशक्त, संगठित और जनहितकारी बनाने के लिए वे युवाओं को साथ लेकर निरंतर प्रयास करेंगे.
मोहम्मद नौशाद ने संगठन को मजबूती देने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया. इस अवसर पर जिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे.

