जमशेदपुर: झारखण्ड नेशनल फिल्म फेस्टिवल (JNFF) 2025 की अवॉर्ड नाइट का भव्य आयोजन शनिवार को जमशेदपुर के XLRI ऑडिटोरियम में धूमधाम से संपन्न हुआ. समारोह में सिनेमा, कला और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला. इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेता राहुल राय और झारखंड के प्रख्यात गायक नितेश कच्छप मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. दोनों कलाकारों की उपस्थिति और प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसे JNFF के फाउंडर संजय सतपथी और राजू मित्रा के साथ उपस्थित फिल्म निर्देशक एवं निर्माता ने संयुक्त रूप से किया. इस सांस्कृतिक शुरुआत ने पूरे आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की.
अवॉर्ड समारोह में राष्ट्रीय श्रेणी में फिल्म “देवा आज पण व्हय” को बेस्ट नेशनल फिल्म ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया. वहीं झारखंड श्रेणी में फिल्म “ओलोह मे बाबू” ने सर्वाधिक पुरस्कार जीतकर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई. इन फिल्मों को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सराहना मिली.
फेस्टिवल के सफल आयोजन में JNFF की क्रिएटिव डायरेक्टर डॉ. शालिनी प्रसाद की भूमिका अहम रही. उनके दूरदर्शी मार्गदर्शन और रचनात्मक नेतृत्व में फेस्टिवल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई. कार्यक्रम को सफल बनाने में तकनीकी टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा. तकनीकी टीम में शिवांगी सिंह, जॉयश्री गोराई, कशिश जैन, सृष्टि राय, सूर्या साहू, राज प्रमाणिक, डॉ. नवीन प्रधान, एम सी साहू, कोमल कुमारी, सृष्टि सुमन और श्रुति सोय शामिल रहे.
अवॉर्ड नाइट के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं. स्मारिका मिश्रा और उनके समूह ने शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी. वहीं राज प्रमाणिक ने अपनी टीम “आसमा इंडिया” के साथ रंजित, शिव और सूरज के सहयोग से शानदार परफॉर्मेंस दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा.
कार्यक्रम ने अपनी विविधता, रचनात्मकता और सांस्कृतिक उत्कृष्टता से दर्शकों को प्रभावित किया. आयोजकों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया और भविष्य में और भी बड़े आयोजनों का भरोसा दिलाया.

