जमशेदपुर: उलीडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर को एसएसपी पीयूष पांडेय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन पर अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में गंभीर अनियमितता और कर्तव्य में लापरवाही बरतने का आरोप है. एसएसपी द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद मो शारिक अली को उलीडीह ओपी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है.

जानकारी के अनुसार एसएसपी पीयूष पांडेय को यह सूचना मिली थी कि उलीडीह ओपी में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े कुछ युवकों को संदेहास्पद परिस्थितियों में बिना किसी कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को सौंपी गई.
जांच में सामने आया कि 10 दिसंबर की रात करीब 8 बजे अवैध गांजा खरीद-बिक्री के आरोप में कई पुड़िया गांजा के साथ चार युवकों को उलीडीह ओपी लाया गया था. इनमें से अमन सिंह और संतोष ठाकुर को बिना प्राथमिकी दर्ज किए, बिना किसी विधिसम्मत कार्रवाई के और बिना वरीय पदाधिकारियों को सूचना दिए ही छोड़ दिया गया.
इतना ही नहीं, जांच में यह भी पाया गया कि 11 दिसंबर को साधु मुंडा नामक एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति को भी अवैध मादक पदार्थ के मामले में हिरासत में लेने के बाद बिना केस दर्ज किए और बिना किसी कानूनी प्रक्रिया अपनाए छोड़ दिया गया.
जांच रिपोर्ट में इसे पुलिस नियमों और कर्तव्यों का स्पष्ट उल्लंघन बताया गया है. रिपोर्ट के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया कि तत्कालीन ओपी प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए गंभीर लापरवाही बरती है.
इसी के मद्देनजर एसएसपी पीयूष पांडेय ने उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी किया है. मामले में आगे विभागीय कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है.

