झारखंड: श्रमिक संगठनों में एक बड़ा बदलाव सामने आया है. झारखंड मज़दूर यूनियन के जिला सचिव रवि सिंह सरदार ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. इसकी आधिकारिक पुष्टि स्वयं उनके द्वारा जारी किए गए पत्र से हुई है.

संगठन को सौंपे गए अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट लिखा है कि व्यक्तिगत कारणों एवं परिस्थितियों के चलते वे अपने पद पर आगे कार्य जारी रखने में असमर्थ हैं और आज की तिथि से वे जिला सचिव के पद से अपना इस्तीफ़ा दे रहे हैं.
हालांकि इस्तीफ़ा व्यक्तिगत कारणों से दिया गया है, लेकिन यूनियन के भीतर इसे एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है. रवि सिंह सरदार ने अपने पत्र में संगठन द्वारा मिले सम्मान और विश्वास के लिए नेतृत्व का धन्यवाद भी दिया है. उन्होंने यह भी कहा है कि वे आगे भी यूनियन की विचारधारा और मज़दूरों के हक की लड़ाई के प्रति सम्मान बनाए रखेंगे और जरूरत पड़ने पर सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहेंगे.
इस्तीफ़े के बाद संगठन में नई जिम्मेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. नए जिला सचिव की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. श्रमिक संगठनों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बदलाव का असर यूनियन की भविष्य की रणनीति और ज़मीनी गतिविधियों पर पड़ सकता है.
सूत्रों के अनुसार, जल्द ही यूनियन की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई जा सकती है, जिसमें नए जिला सचिव के नाम पर निर्णय लिया जाएगा.

