लोहरदगा: राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा लोहरदगा जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को झखरा कुम्बा सभागार में जिलाध्यक्ष सोमदेव उरांव की अध्यक्षता में हुई. संचालन जिला सचिव सुकेंदर उरांव ने किया. बैठक में आगामी 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाने की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई.



बैठक में आयोजन स्थल, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथियों को लेकर प्रारंभिक रूपरेखा तैयार की गई. वक्ताओं ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस आदिवासी अस्मिता, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है. आयोजन के माध्यम से सरना धर्म, संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव जालेश्वर उरांव, कोर कमेटी अध्यक्ष फूलदेव भगत, जिला धर्म गुरु फूलकेश्वर उरांव सहित जिला समिति एवं महिला प्रकोष्ठ के कई सदस्य मौजूद रहे.

