जमशेदपुर: शहर और आसपास के क्षेत्रों में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं के बीच झारखंड की पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचीं. उन्होंने जमशेदपुर के साथ सरायकेला- खरसावां जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की.


बैठक में दोनों जिलों में हाल में हुई हत्या, फायरिंग, लूट- छिनतई, मादक पदार्थों के कारोबार सहित अन्य गंभीर आपराधिक मामलों की स्थिति पर चर्चा की गई. डीजीपी ने दर्ज मामलों में अब तक हुए अनुसंधान, आरोपियों की गिरफ्तारी और फरार आरोपियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली.
लंबित मामलों और फरार आरोपियों पर फोकस
समीक्षा के दौरान लंबित मामलों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई. संवेदनशील तथा अपराध प्रभावित इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, गश्त व्यवस्था और सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर मंथन हुआ. डीजीपी तदाशा मिश्रा इससे पहले भी राज्यस्तरीय अपराध समीक्षा में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, गंभीर आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन और खुफिया तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दे चुकी हैं.
हाल की घटनाओं के बीच दौरा अहम
जमशेदपुर में हाल में गोलमुरी के केनरा बैंक में सोना और नगदी लूट, बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट फायरिंग जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं. वहीं पुलिस ने बीते दिनों नशीले पदार्थों के खिलाफ भी कई कार्रवाई की है. ऐसे समय में डीजीपी की जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां पुलिस के साथ समीक्षा बैठक को अपराध नियंत्रण की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बैठक में जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां जिले के वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. समीक्षा के दौरान डीजीपी ने अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों की सुरक्षा और प्रभावी पुलिसिंग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया.

