जामताड़ा: झारखंड सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (बीएसओ) को बड़ी राहत देते हुए गोदामों के अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश को अगले छह माह के लिए स्थगित कर दिया है. विभाग ने एक जून 2026 को जारी उस आदेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है, जिसके तहत सहायक गोदाम प्रबंधकों की नियुक्ति होने तक बीएसओ को अपने नियमित कार्यों के साथ झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के गोदामों का संचालन भी करना था.



विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इस व्यवस्था को लेकर विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने पुनर्विचार का आग्रह किया था. साथ ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के लिए तीन चरणों में आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित है. ऐसे में प्रशिक्षण और गोदाम संचालन की अतिरिक्त जिम्मेदारी एक साथ निभाने से कार्य व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई.
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने पूर्व आदेश को छह माह के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है. इस प्रस्ताव को विभागीय मंत्री की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है.
नए आदेश के बाद प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अपने मूल दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जबकि गोदामों का संचालन पूर्व व्यवस्था के अनुसार जारी रहेगा.
विभाग ने इस संबंध में राज्य के सभी उपायुक्तों, जिला आपूर्ति पदाधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं.





