साहिबगंज: लंबित वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन जारी है. झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ, संबद्ध भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर बुधवार को राज्य के विभिन्न जिलों में कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक धरना-प्रदर्शन किया. अब संघ ने 16 अक्टूबर को एकदिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है.


संघ के जिला उपाध्यक्ष रोहित रंजन के अनुसार कर्मचारियों का जुलाई 2026 से वेतन लंबित है. इसके अलावा मनमाने ढंग से वेतन कटौती, एम्बुलेंस की समय पर मरम्मत नहीं होने और सेवा से हटाए गए कर्मचारियों की बहाली नहीं होने से कर्मियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
संघ की मांगों में लंबित वेतन का भुगतान, बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली, श्रमिक एवं वैधानिक अधिकारों को लागू करने तथा 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन जिला स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से कराने की मांग प्रमुख है.
15 अक्टूबर रात 8 बजे से सेवा प्रभावित होने का दावा
संघ के अनुसार 16 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 से 20 दिनों में समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ. कर्मचारियों ने एम्बुलेंस संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के निर्देश पर भी आपत्ति जताई है.
संघ ने सम्मान फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग को हड़ताल की सूचना देते हुए कहा है कि 15 अक्टूबर रात 8 बजे से 17 अक्टूबर सुबह 8 बजे तक 108 एम्बुलेंस सेवा प्रभावित रह सकती है. संघ ने सरकार से हड़ताल से पहले मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है.

