जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला मुख्यालय स्थित सुभाष चौक पर युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शाहनवाज आलम ने की, जिसमें बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए.



बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव उपस्थित रहे. साथ ही प्रदेश महासचिव तनवीर आलम, प्रदेश उपाध्यक्ष रौशन आरा और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपिका बेसरा भी मौजूद थीं.
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और कांग्रेस की विचारधारा को जन- जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाएं.
मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत की भूमिका को और मजबूती से रखना चाहिए था. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की छवि अमेरिका के समर्थन में झुकती हुई दिख रही है. उन्होंने पाकिस्तान को लेकर भी नाराजगी जताई और कहा कि ऐसे देशों के साथ बातचीत देश की भावना के अनुरूप नहीं है, जिनसे भारत के संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं.
प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि जामताड़ा में नव- निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ यह पहली बैठक थी, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया गया. कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया और नारेबाजी की. अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, युवाओं को जोड़ने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया.





