इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जामताड़ा: जिले के विद्यासागर (करमाटाड़) रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लंबे समय से लंबित फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. हावड़ा- नई दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर बनाए जा रहे नए रेलवे फुट ओवरब्रिज का गर्डर रविवार को हेवी डीजल क्रेन की मदद से सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार नए घुमावदार फुट ओवरब्रिज के निर्माण के दौरान पुराने सीढ़ीनुमा फुट ओवरब्रिज को तोड़ दिया गया था. इसके बाद स्थानीय लोगों को रेलवे लाइन पार करने और आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
स्थानीय निवासियों ने इस समस्या को लेकर आसनसोल रेलवे मंडल के डीआरएम से पुराने फुट ओवरब्रिज के स्थान पर वैकल्पिक पुल निर्माण की मांग की थी. लोगों की लगातार मांग और दबाव के बाद रेलवे प्रशासन ने नए फुट ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी दी.
लोगों की सहमति से गणपत चौक से रेलवे दुर्गा मंदिर के बीच फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए स्थल का चयन किया गया. इस जनसुविधा परियोजना को पूरा कराने में सारठ के पूर्व विधायक रंधीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार उन्होंने निर्माण कार्य में आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया है.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अब स्थापित गर्डर पर जल्द ही शेड और सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा. निर्माण कार्य पूरा होते ही फुट ओवरब्रिज आम लोगों के उपयोग के लिए खोल दिया जाएगा.
फुट ओवरब्रिज शुरू होने के बाद गणपत चौक बाजार से रेलवे दुर्गा मंदिर और सुभाष चौक जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवाजाही में समय की बचत होगी.
निर्माण कार्य के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) आसनसोल राजीव रंजन, सीनियर सेक्शन इंजीनियर मधुपुर विजय सिंह सहित कई रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे.