जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में गोबिंदपुर- साहेबगंज हाइवे पर मालवा गांव के समीप सोमवार को सड़क किनारे एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि शव के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे सड़क हादसे की आशंका और मजबूत हो गई है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी के मामलों से भी शव की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस शव के संबंध में कोई जानकारी हो तो तुरंत थाना को सूचित करें.

