जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया है. बेवा रेलवे फाटक के समीप अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से बेवा निवासी 45 वर्षीय जागो सोरेन की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक का माहौल बन गया. हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक सामने नहीं आ सकी है.



प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेवा रेलवे फाटक के पास एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी. मृतक की पहचान बेवा निवासी जागो सोरेन के रूप में की गई. सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. रेलवे ट्रैक पर हुए इस हादसे के संबंध में आरपीएफ जामताड़ा और जीआरपी जामताड़ा ने अनभिज्ञता जताई है.
इधर, 45 वर्षीय जागो सोरेन की असमय मौत से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार और परिचितों के बीच शोक की स्थिति बनी हुई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. जागो सोरेन किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आए, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

