जामताड़ा: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जामताड़ा टाउन थाना और जामताड़ा साइबर थाना परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ जनजागरण अभियान को मजबूत बनाने का संकल्प लिया.


जामताड़ा थाना में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने किया, जबकि साइबर थाना में थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ. इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा आम लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली.

कार्यक्रम में तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, जैसे कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है.
थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय है. इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चलाता रहेगा.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिसकर्मियों ने तंबाकू मुक्त समाज और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



