जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा की वरिष्ठ नेत्री चमेली देवी ने सोमवार को जामताड़ा पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर उन्होंने एसपी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और जिले में कानून- व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा आम जनता की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की.

मुलाकात के दौरान चमेली देवी ने हाल ही में जामताड़ा में घटित बहुचर्चित बालाजी ज्वैलर्स लूटकांड के सफल उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर जामताड़ा पुलिस की कार्यकुशलता की खुले शब्दों में प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से न केवल पीड़ित व्यवसायी को न्याय की उम्मीद मिली है, बल्कि जिले के आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ है.
उन्होंने पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सक्रियता और तत्परता से अपराधियों के मन में कानून का भय उत्पन्न हुआ है, जो जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है.
इस अवसर पर एसपी राजकुमार मेहता ने कहा कि जामताड़ा पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे. साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

