जामताड़ा: भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत 09 जामताड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची के 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. इस उपलब्धि पर बुधवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ (BLO) एवं सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया.



अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अनंत कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन सुपरवाइजर और सात बीएलओ को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया.
सम्मानित सुपरवाइजरों में पोम्पा माझी, शिशु धीबर (नारायणपुर प्रखंड) तथा बिरेन चंद्र मुर्मू (करमाटांड़ प्रखंड) शामिल हैं. वहीं सम्मानित बीएलओ में सपना माझी (जामताड़ा), अंजना देवी, गीता भंडारी, कुलसुम खातून, शमीमा खातून (नारायणपुर) तथा ममता देवी और जमीला परवीन (करमाटांड़) शामिल रहीं.
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओ अनंत कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ और सुपरवाइजरों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य हासिल किया है, जो अन्य निर्वाचन कर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है. आयोग द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना सभी निर्वाचन कर्मियों का कर्तव्य है. उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है.
समारोह के अंत में एसडीओ ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी निर्वाचन संबंधी कार्यों में इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में निर्वाचन शाखा के अधिकारी मनोज कुमार मुरमू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





