जामताड़ा: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के बैनर तले बुधवार देर शाम जामताड़ा के इंदिरा चौक पर छात्र हितों, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध- प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राजाराम उर्फ मनतोष कुमार महतो ने किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.



सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजाराम उर्फ मनतोष कुमार महतो ने कहा कि देशभर के लाखों छात्र-युवा निष्पक्ष परीक्षा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है. उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित करने की मांग की.
वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है. उन्होंने सोनम वांगचुक के आंदोलन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान की आवश्यकता पर बल दिया.
JLKM नेताओं ने कहा कि पार्टी झारखंड में भी लंबे समय से JPSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाती रही है. उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को डुमरी विधायक एवं JLKM के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर JPSC भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराने की मांग की थी.
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा युवाओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि छात्रों और युवाओं की मांगों की अनदेखी जारी रही तो JLKM लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर आंदोलन को और तेज करेगा.
प्रदर्शन के दौरान “पेपर लीक बंद करो.” “शिक्षा में भ्रष्टाचार बंद करो.” “छात्र एकता जिंदाबाद.” और “छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो.” जैसे नारे लगाए गए.
कार्यक्रम में जिला महासचिव बृजेश राउत, रिजाउल अंसारी, सचिव अशोक घोष, वरीय उपाध्यक्ष बबलू महतो, सचिव नजरुल अंसारी, जाकिर अंसारी, अर्जुन मंडल, जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश महतो, अजय राउत, आरजू खान, राजकिशोर महतो, उज्जल कुमार, मंजय कुमार, रितेश पॉल, प्रेम कुमार, समीर हसन खान, भगीरथ राणा, छोटे कुमार, देवनारायण राय, अजय कुमार, तपन कुमार, राजू यादव, विशाल मिर्धा, कृष्णा कुमार, बिजय मंडल सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा, पार्टी कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





