
जामताड़ा: आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलाए जाने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR- Special Intensive Revision) 2026 अभियान को लेकर जामताड़ा जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में सोमवार को जामताड़ा शहर स्थित जेबीसी प्लस टू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को SIR अभियान की पूरी प्रक्रिया, उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी गई. छात्रों से अपील की गई कि वे अपने घर जाकर माता-पिता, अभिभावकों और आसपास के लोगों को भी इस अभियान की जानकारी दें तथा बीएलओ के सत्यापन कार्य में सहयोग करने के लिए प्रेरित करें. इस दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता संदेश लिखे पोस्टर और कार्डबोर्ड लेकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश देते नजर आए.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जामताड़ा अंचलाधिकारी अविश्वेशर मुर्मू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. ऐसे में सभी नागरिकों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस अभियान को सफल बनाना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे.
विद्यालय के प्राचार्य एबी माईल टूडू ने भी विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने परिवार के लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक करने की अपील की. कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
निर्वाचन आयोग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत नए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे तथा सूची में मौजूद त्रुटियों का सुधार किया जाएगा. इसके लिए बीएलओ निर्धारित अवधि के दौरान घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे.
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ के आगमन पर पूरा सहयोग करें और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






