जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के JBC District CM SOE में कक्षा 6 के विद्यार्थियों के लिए प्रथम सत्र की पहली अभिभावक- शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत अभिभावकों और छात्रों का तिलक लगाकर स्वागत के साथ हुई, जिससे आत्मीय माहौल बना.

कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षक दिवाकर मंडल के स्वागत भाषण से हुआ. उन्होंने अभिभावकों और छात्रों का अभिनंदन करते हुए CBSE के नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी. इसके बाद शिक्षक उमेश चंद्र मिश्र ने अपने संबोधन में बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि बच्चे अपने माता- पिता और शिक्षकों के आचरण से सीखते हैं, इसलिए सकारात्मक व्यवहार आवश्यक है.

उन्होंने बच्चों की संगति, मोबाइल के सीमित उपयोग, नियमित पढ़ाई, खेलकूद और घर में जिम्मेदारी देने जैसे पहलुओं पर विशेष जोर दिया. साथ ही अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने की अपील की.
शिक्षक कपिल देव ठाकुर ने संतुलित और पौष्टिक आहार के साथ खेलकूद को जरूरी बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है. शिक्षक नेपाल चंद्र दत्ता ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया. वहीं शिक्षक सुब्रतो गोस्वामी ने अभिभावकों से बच्चों के साथ घर पर समय बिताने की अपील की, ताकि उनका मानसिक और भावनात्मक विकास बेहतर हो सके.
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं जैसे लाइब्रेरी और लैंग्वेज लैब की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया.
बैठक में अभिभावकों ने भी अपने विचार साझा किए और बच्चों को नियमित स्कूल भेजने का संकल्प लिया. यह बैठक अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई.

