जामताड़ा/Manish Baranwal सदर अस्पताल के बाहर अवैध ऑटो पार्किंग को लेकर बुधवार को दो ऑटो चालकों के बीच जमकर लात- घूंसे चले. घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया.

प्रशासन की जानकारी में चल रहा अवैध ऑटो स्टैंड
यह कहना गलत नहीं होगा कि सदर अस्पताल के बाहर ऑटो स्टैंड का संचालन प्रशासन की जानकारी में हो रहा है. जामताड़ा उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन इसी मार्ग से अपने कार्यालय आते-जाते हैं. बावजूद इसके प्रशासन की उदासीनता से अराजक तत्वों का मनोबल बढ़ता जा रहा है.
सवारी और वर्चस्व को लेकर होता है विवाद
अस्पताल परिसर के बाहर कभी सवारी को लेकर तो कभी वर्चस्व को लेकर ऑटो चालकों के बीच विवाद होते रहते हैं. आए दिन आपसी रगड़े और झगड़े की स्थिति बनती है. कहीं न कहीं प्रशासन की यह असंवेदनशीलता किसी बड़ी घटना को आमंत्रण देने जैसी प्रतीत हो रही है.
अतिक्रमण से मरीजों और एंबुलेंस को परेशानी
बताते चलें कि जामताड़ा सदर अस्पताल के बाहर अतिक्रमण कर बड़ी संख्या में ऑटो चालक अपने वाहन खड़े करते हैं. इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और एंबुलेंस को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. सबसे गंभीर बात यह है कि मरीजों को ले जाने के लिए ऑटो चालकों में आपाधापी मची रहती है, जिससे अक्सर तनाव और झगड़े की स्थिति बन जाती है.
आम लोगों की लगातार मांग, कार्रवाई का अभाव
स्थानीय लोगों की ओर से लगातार प्रशासन से मांग की जा रही है कि सदर अस्पताल के बाहर से अवैध ऑटो स्टैंड को हटाया जाए. ऑटो चालकों की मनमानी गतिविधियों के कारण सदर अस्पताल और कंबाइंड बिल्डिंग आने-जाने वाले लोगों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

