जामताड़ा/ Manish Baranwal जामताड़ा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर और आसपास के क्षेत्र में ट्रेन से मोबाइल चोरी की रोकथाम के लिए आरपीएफ पोस्ट के एएसआई इकबाल खान और आरक्षी प्रकाश मंडल, सीआईबी जसीडीह के प्रधान आरक्षी प्रदीप कुमार सिंह एवं प्रधान आरक्षी रवि प्रकाश सिंह नियमित भ्रमण कर रहे थे.

शुक्रवार को ट्रेन संख्या 63509 वर्धमान झाझा पैसेंजर प्लेटफार्म नंबर एक पर आने पर यात्रियों ने हल्ला किया कि एक युवक मोबाइल चोरी कर भाग रहा है. ड्यूटी में मौजूद आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल युवक को पकड़ लिया.
पकड़े गए युवक ने अपना नाम दीप सिंह, ग्राम काशीडंगा, पोस्ट बाराबंकी, थाना बाराबंकी जिला वर्धमान, पश्चिम बंगाल बताया. आरपीएफ कर्मियों ने तलाशी के दौरान उसके पेट की जेब से रेडमी और मोटरोला कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए. युवक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने यात्रियों के बैग काटकर मोबाइल निकाले हैं. बरामद मोटरोला मोबाइल की कॉल से पता चला कि यह मोबाइल प्रतिमा भट्टाचार्य नामक महिला का था, जो ट्रेन से यात्रा कर रही थी. आरपीएफ जामताड़ा ने मोबाइल चोर को कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी मधुपुर के सुपुर्द कर दिया.

