जामताड़ा: जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहड़ा गांव के पास रविवार को बालू लदा 14 पहिया हाईवा अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकराने के बाद खेत में जा घुसा. हादसे में हाईवा का अगला शीशा और केबिन क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, चालक और सह-चालक बाल-बाल बच गए. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.


चालक के अनुसार, सामने से आ रहे एक ट्रक को बचाने के प्रयास में हाईवा से उसका नियंत्रण खो गया, जिसके बाद वाहन पेड़ से टकराते हुए खेत में जा घुसा. घटना की सूचना मिलने पर जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची. खेत में फंसे हाईवा को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी और एक बड़ी क्रेन की मदद ली गई. काफी मशक्कत के बाद वाहन को खेत से बाहर निकाला गया.
बालू परिवहन को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद क्षेत्र में बालू के परिवहन को लेकर सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय प्रतिदिन 15 से 20 हाईवा बालू लेकर इस मार्ग से गुजरते हैं. ग्रामीणों का दावा है कि इन वाहनों में धनबाद जिले के टुंडी क्षेत्र से बालू लोड किया जाता है, जबकि जांच से बचने के लिए बिहार के चकाई का चालान दिखाया जाता है.
ग्रामीणों के अनुसार, बालू लदे वाहन करमदाहा, देवालबाड़ी, जुम्मन मोड़, पंडेडीह और नारायणपुर होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर जाते हैं. हालांकि, बालू के स्रोत, चालान और परिवहन से जुड़े इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मामले में संबंधित विभाग की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

