हजारीबाग: दुर्गा पूजा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए हजारीबाग पुलिस ने जिलेभर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार देर रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 68 ठिकानों पर छापेमारी की गई. इस दौरान पुलिस ने 375 लीटर अवैध देसी शराब और 303.2 क्विंटल जावा महुआ नष्ट किया. एक साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया.


28 टीमों में शामिल थे 198 पुलिस पदाधिकारी और जवान
विशेष अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 28 छापेमारी टीमों का गठन किया गया था. इन टीमों में 198 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस उपाधीक्षकों, पुलिस निरीक्षकों और संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में टीमों ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की. पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े संदिग्ध ठिकानों को चिह्नित कर कार्रवाई की. अभियान के दौरान कुल 68 स्थानों पर दबिश दी गई.

303.2 क्विंटल जावा महुआ और 375 लीटर शराब नष्ट
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाला जावा महुआ नष्ट किया. पुलिस के अनुसार, अभियान में 375 लीटर देसी शराब के अलावा 303.2 क्विंटल यानी 30,320 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया.
उल्लेखनीय है कि जावा महुआ का इस्तेमाल अवैध रूप से महुआ शराब तैयार करने में किया जाता है. पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शराब निर्माण की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ इसके वितरण और बिक्री से जुड़े नेटवर्क पर अंकुश लगाना है.
दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस की विशेष सतर्कता
दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए हजारीबाग पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ निगरानी बढ़ा दी है. पुलिस का मानना है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण कानून- व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाकर अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई की गई. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे.

अवैध शराब के कारोबारियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
हजारीबाग पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और खरीद-बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब के निर्माण अथवा बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें. सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
साथ ही लोगों से दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है.

