जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के पांडेडीह पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार शाम करीब चार बजे सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए.


जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर बूढ़े सरपता निवासी भरत पंडित (35) अपनी पत्नी दुली देवी (30) और पुत्र अजय कुमार (17) के साथ बाइक से सिकरपोसनी की ओर से गोविंदपुर-साहिबगंज मार्ग होते हुए अपने ससुराल टोपाटांड़ जा रहे थे. इसी दौरान पांडेडीह के समीप दिग्घारी की ओर से आ रहे थार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने भरत पंडित को मृत घोषित कर दिया. दुली देवी और अजय कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और थार वाहन को कब्जे में ले लिया. पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

