जामताड़ा: नारायणपुर थाना क्षेत्र के दुलाडीह के समीप शनिवार शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक नाबालिग समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.


जानकारी के अनुसार पलटा गांव निवासी मनीर अंसारी (23) और मतीन अंसारी (16) मुरली पहाड़ी से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान दुलाडीह के पास तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना में शामिल फरार वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



