जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत कानगोई चेक नाका के समीप रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 65 वर्षीय अज्ञात साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.


पुलिस के अनुसार किसी अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे उसके दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए थे. घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई. मिहिजाम थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई इस व्यक्ति को पहचानता हो या उसके बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत मिहिजाम थाना से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी जा सके. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है.

