जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के अमोई पुल के पास मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे एक मालवाहक ऑटो ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शी अख्तर अंसारी के अनुसार घायल की पहचान पियालसोला गांव निवासी खलील अंसारी के रूप में हुई है. बताया गया कि ऑटो चालक अकबर अंसारी भी उसी गांव का रहने वाला है. ऑटो के पीछे से टक्कर मारने के बाद खलील अंसारी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया. परिजन घायल को लेकर दुर्गापुर रवाना हो गए हैं.
इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कहा है कि हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

