
जामताड़ा: शहर के न्यू टाउन में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा. आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई. रथ यात्रा की शुरुआत गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद हुई. इसके बाद महाप्रभु का रथ मुख्य बाजार. स्टेशन रोड. न्यू टाउन सिनेमा हॉल सहित विभिन्न मार्गों से नगर भ्रमण करते हुए पुनः गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचा.


रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ. बलभद्र और सुभद्रा के जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं. ढोल-नगाड़ों. बैंड-बाजों और भक्ति गीतों की गूंज से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया. स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया.
रथ यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान जगन्नाथ के रथ की डोर खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया. रथ खींचने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
रथ यात्रा आयोजन समिति के सदस्य मिहिर साधु ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा. पेयजल. चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी. उन्होंने बताया कि शनिवार से आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भी किया जाएगा.
रथ यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता. पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल. अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि. सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग शामिल हुए.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





