
जामताड़ा: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जामताड़ा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया.


मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस जवानों को दंगा नियंत्रण, उपद्रवी भीड़ को काबू करने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया गया. इस मौके पर एसडीपीओ, सार्जेंट मेजर, पुलिस सार्जेंट समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून- व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से पुलिस बल की तैयारियों को परखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत और प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






