जामताड़ा: बिंदापाथर थाना परिसर में गुरुवार को बिंदापाथर थाना पुलिस ने क्षेत्र के ज्वेलरी दुकानदारों एवं सीएसपी संचालकों के साथ बैठक कर प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने की.


इस दौरान थाना प्रभारी ने बारी-बारी से सभी दुकानदारों और सीएसपी संचालकों से उनके प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि ज्वेलरी दुकान एवं सीएसपी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है.
थाना प्रभारी ने सभी दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू स्थिति में रखने, आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी अनजान व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय से आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है.
उन्होंने किसी भी तरह की अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना देर किए पुलिस को सूचित करने की अपील की. बैठक में अमर कुमार यादव, सुरेश साह, बैद्यनाथ साह, श्यामल पंडित, विवेक सहित अन्य ज्वेलरी दुकानदार एवं सीएसपी संचालक उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

