जामताड़ा/Manish Barnwal.

संघ परिवार से जुड़े और विश्व हिन्दू परिषद जैसे अनुषांगिक संगठनों में संयुक्त बिहार के प्रदेश मंत्री का दायित्व निभा चुके पंक्जेश कुमार पंकज का इलाज के दौरान निधन हो गया. जानकारी के अनुसार, उन्होंने मंगलवार को शाम 5:10 बजे दुर्गापुर स्थित हेल्थवर्ल्ड हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली.
पंकज कुमार पंकज चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (CLW) में सीनियर टेक्नीशियन पद से सेवानिवृत्त थे और मिहिजाम के बढ़ईपाड़ा इलाके में निवास करते थे. वे लंबे समय से सामाजिक एवं राष्ट्रीय विचारधारा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे.
उनके निधन की खबर मिलते ही मिहिजाम, चित्तरंजन और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई. पंकज जी अपने पीछे भरा- पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें दो पुत्र और तीन पुत्रियां शामिल हैं.
संघ परिवार, विश्व हिन्दू परिषद तथा विभिन्न स्थानीय समाजसेवी संगठनों ने उनके निधन को संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है.

