
जामताड़ा/दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित कांकसा थाना क्षेत्र के राजबंध इलाके में बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे-19 पर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. हाईवे पर खड़ी एक पिकअप वैन में पेंटिंग का कार्य चल रहा था. इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया. हादसे में पांच मजदूर घायल हो गए.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वैन कोलकाता की ओर जाने वाली लेन में खड़ी थी और उस पर चार से पांच मजदूर पेंटिंग का कार्य कर रहे थे. तभी कोलकाता से आसनसोल की ओर जा रहे एक ट्रक का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप वैन को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन पलट गई और वहां काम कर रहे मजदूर घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय कुछ मजदूर वाहन के आगे की ओर कार्य कर रहे थे. सौभाग्य से वाहन के पीछे कोई मौजूद नहीं था. इससे एक बड़ा हादसा टल गया. घायलों में एक मजदूर के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही कांकसा थाना और कांकसा ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





