
जामताड़ा: मिहिजाम थाना परिसर में बुधवार को थाना प्रभारी प्रदीप राणा की अध्यक्षता में क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों (ज्वेलर्स) के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में बड़ी संख्या में ज्वेलर्स दुकानदारों और स्वर्ण व्यवसाय संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया.


बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने सभी स्वर्ण व्यवसायियों से अपनी दुकानों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की. उन्होंने प्रत्येक दुकान में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे. मजबूत ताले. अलार्म सिस्टम. तथा अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने की सलाह दी, ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.
उन्होंने दुकानदारों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि हेलमेट. मास्क या बुर्का पहनकर आने वाले ऐसे व्यक्तियों, जिनका चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं देता हो, उनकी पहचान सुनिश्चित किए बिना दुकान के अंदर प्रवेश न दिया जाए. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने कहा कि पुलिस और स्वर्ण व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि ज्वेलर्स की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है और भविष्य में भी इस तरह की बैठकें एवं सुरक्षा समीक्षा जारी रहेगी.
बैठक में मिहिजाम स्वर्ण व्यवसाय संघ के अध्यक्ष राज कपूर वर्मा, उपाध्यक्ष श्रवण वर्मा, सचिव अनुरंजन कुमार साव सहित सुरेंद्र वर्मा. सागर वर्मा. अजीत वर्मा. प्रकाश वर्मा एवं संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





