जामताड़ा: जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रामपुर भीठरा गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता देवेंद्र सिंह उर्फ खुदु सिंह को गिरफ्तार किया है. मृतका की पहचान 35 वर्षीय शीला देवी, पिता देवेंद्र सिंह उर्फ खुदु सिंह, निवासी रामपुर भीठरा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है.


धान के खेत से बरामद हुआ था शव
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को रामपुर भीठरा गांव के बहियार स्थित धान के खेत से एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया गया था. इस मामले में चौकीदार परमेश्वर तुरी के आवेदन पर कर्माटांड़ थाना कांड संख्या 80/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई.
अनुसंधान में हुई मृतका की पहचान
पुलिस ने अनुसंधान के दौरान शव की पहचान शीला देवी के रूप में की. मामले की जांच और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पिता देवेंद्र सिंह उर्फ खुदु सिंह को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में घर के पीछे स्थित धान के खेत में पैर से गला दबाकर बेटी की हत्या करने की बात कही है.
आगे की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में छापेमारी दल में कर्माटांड़ थाना की पुलिस शामिल थी. जब्ती सूची में किसी सामान की बरामदगी दर्ज नहीं की गई है. फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और अनुसंधान जारी है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

