जामताड़ा: भीषण गर्मी के बीच गो सेवा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, शाखा- जामताड़ा की ओर से चाकरी स्थित श्री कृष्ण गौशाला में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया.

समिति की सदस्याओं ने गौ माता को गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से गौशाला परिसर में 15 पंखे लगवाए. इसके साथ ही गायों को तरबूज काटकर खिलाया गया ताकि तेज गर्मी में उन्हें राहत मिल सके. कार्यक्रम के दौरान समिति ने गौशाला में कार्यरत कर्मचारियों के प्रति भी संवेदनशील पहल की. 13 कर्मचारियों के बीच टी-शर्ट, बिस्कुट और ग्लूकोन-डी का वितरण किया गया.

इस सेवा कार्यक्रम में अनीता जटिया, कंचन अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, पुनम नारनोलिया समेत अन्य सदस्याओं ने सक्रिय भागीदारी निभायी. सभी सदस्याओं ने स्वयं गौशाला पहुंचकर गायों की सेवा की और गर्मी के दौरान उनकी देखभाल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
मारवाड़ी महिला समिति के इस सामाजिक और धार्मिक कार्य से प्रभावित होकर गौशाला समिति की ओर से सदस्याओं को सम्मानित भी किया गया.
समिति की ओर से कहा गया कि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों की सेवा करना समाज की जिम्मेदारी है और आगे भी इस तरह के सेवा कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे.
Report- Manish Baranwal



