सरायकेला: जिले में अपराध नियंत्रण, वारंटियों की गिरफ्तारी, नशा विरोधी अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ अहम क्राइम मीटिंग की. बैठक में अप्रैल महीने के दौरान विभिन्न थानों द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई.

क्राइम मीटिंग के दौरान केस उद्भेदन, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और थाना स्तर पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई. समीक्षा के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों की एसपी ने सराहना की और उनके कार्यों को संतोषजनक बताया.

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने विशेष रूप से लाल वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर सख्त निर्देश जारी किए. उन्होंने कहा कि जिले में फरार लाल वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने और सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया गया.

एसपी ने मिडिया से बातचीत में कहा कि अप्रैल महीने में जिले के सभी थानों ने बेहतर कार्य किया है. केस उद्भेदन, वारंटियों की गिरफ्तारी और जागरूकता अभियान में पुलिस टीम का प्रयास सराहनीय रहा है. उन्होंने आगे भी इसी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य जारी रखने की बात कही. बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण को और मजबूत बनाने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा आम जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया.
Report- Pramod Singh



