जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के नारायणपुर प्रखंड के झिलुआ स्थित आईआरबी-1 परिसर में रविवार को पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान परिसर में 50 आम के पौधों का रोपण किया गया.

कार्यक्रम में कमांडेंट सह पुलिस अधीक्षक जामताड़ा राजकुमार मेहता, डीएसपी प्रमोद सिंह, डीएसपी विश्वनाथ सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे. अधिकारियों ने सामूहिक रूप से पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया.
इस अवसर पर एसपी राजकुमार मेहता ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं. स्वच्छ पर्यावरण के बिना स्वस्थ समाज की कल्पना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी समान रूप से जरूरी है.
वहीं, उपस्थित अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से न केवल परिसर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि वातावरण भी शुद्ध रहेगा.

