जामताड़ा: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जागृति योजना 2025 के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा की ओर से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, जामताड़ा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप कुमार गुप्ता ने की. इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार मौजूद रहे.


शिविर में सचिव पवन कुमार ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंकिंग से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की. साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई.
एलएडीसीएस अधिवक्ता उत्तम कुमार ने बाल विवाह और बाल श्रम को गंभीर सामाजिक एवं कानूनी अपराध बताते हुए विद्यार्थियों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इन कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करना चाहिए.
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से पेड़-पौधों के महत्व, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया. प्रतियोगिता में कक्षा 6-बी की इशिता सेन ने प्रथम, कक्षा 10-ए की निवेदिता मंडल ने द्वितीय तथा कक्षा 6-ए की प्राची प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेता छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
वक्ताओं ने कहा कि युवा समाज और देश के भविष्य हैं. कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक युवा ही सुरक्षित, शिक्षित, न्यायपूर्ण और बेहतर समाज के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं. कार्यक्रम में अधिकार मित्र अमित कुमार मिश्रा, विश्वजीत पाल, मौसमी मुर्मू, आनंद महतो, मेघा गुप्ता, मधु कुमारी, सुमन टुडू और शिवनाथ मंडल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

