जामताड़ा: अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस एवं उत्पाद विभाग ने सोमवार को संयुक्त रूप से अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान बागडेहरी थाना क्षेत्र के जोकपहाड़ी और बुड़ाबेड़िया गांव में अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त किया गया. कार्रवाई के दौरान कुल 100 लीटर जावा महुआ और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण जब्त किए गए.


जोकपहाड़ी गांव में बागडेहरी थाना प्रभारी किशन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की. इस दौरान अवैध रूप से संचालित शराब भट्टी को नष्ट कर करीब 50 लीटर जावा महुआ और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए. पुलिस ने इस मामले में जोकपहाड़ी निवासी बिल्पब मंडल (47), पिता भीम मंडल को आरोपी बनाया है. उसके खिलाफ अवैध रूप से शराब निर्माण और बिक्री करने के आरोप में बागडेहरी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
वहीं, बुड़ाबेड़िया गांव में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निखिल चंद्र के नेतृत्व में छापेमारी की गई. गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची टीम ने गांव में संचालित चार से पांच अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया. इस दौरान करीब 50 लीटर जावा महुआ और शराब निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण जब्त किए गए. हालांकि, छापेमारी के दौरान भट्ठी संचालक मौके पर नहीं मिले.
उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निखिल चंद्र ने बताया कि गांव में अवैध शराब भट्टियों के संचालन की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना का सत्यापन करने के बाद टीम ने कार्रवाई की. उन्होंने बताया कि भट्ठी संचालकों की पहचान और उनके नाम-पते का पता लगाया जा रहा है. पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस और उत्पाद विभाग की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

