जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत कुरूवा स्थित अपना एचपी गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी का औचक निरीक्षण जिला प्रशासन के निर्देश पर किया गया. यह निरीक्षण उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश के आलोक में एमओ द्वारा किया गया.

निरीक्षण के दौरान गैस वितरण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, बुकिंग सूची, सिलिंडर का वजन और निर्धारित मूल्य पर वितरण समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच की गई. साथ ही एजेंसी की पंजियों का भी अवलोकन किया गया.
जांच में सभी व्यवस्थाएं सामान्य पाई गईं. हालांकि अधिकारियों ने एजेंसी संचालक को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में गैस की कालाबाजारी या अवैध भंडारण नहीं होना चाहिए.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 एवं संबंधित प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी ने बताया कि जिले में गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. इसके तहत सभी प्रखंडों में टीमों द्वारा नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि कहीं से गैस वितरण में गड़बड़ी या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

